बदायूं में पति और देवर के साथ बाइक से मंगलवार दोपहर दवा लेकर लौट रही शिवली (25) की उसके दो भाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शिवली सात माह की गर्भवती थी। उसने अपनी मर्जी से एक साल पहले निकाह किया था, इससे दोनों भाई नाराज थे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव छोटी गौरामई की शिवली ने करीब एक साल पहले अपने पड़ोसी फहीम से मर्जी से निकाह किया था। कुछ दिन दोनों गांव से लापता रहे। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली। तब से दोनों लोग छोटी गौरामई गांव में ही रह रहे थे।
पति फहीम के मुताबिक शिवली सात माह की गर्भवती थी। इससे उसे शहर के एक निजी अस्पताल जाना पड़ता था। मंगलवार सुबह शिवली, पति फहीम और देवर वासिद के साथ बाइक से दवा लेने शहर आई थी। दिन में डेढ़ बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। उस दौरान वासिद बाइक चला रहा था।
जबकि फहीम बीच में और शिवली पीछे बैठी थी। उनकी बाइक थाना क्षेत्र के गांव उघैनी के नजदीक पहुंची थी कि तभी अचानक शिवली के सगे भाई मोज्जिम और मुजीम पीछे से बाइक दौड़ाते हुए आए। पति के अनुसार मोज्जिम ने चलती बाइक पर पीछे से शिवली को गोली मार दी।