फोर्स के साथ अफसरों ने किया शहर में भ्रमण
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के बाद माहौल खराब न हो, इसके मद्देनजर बरेली जोन में अलर्ट जारी किया गया है। बरेली में शनिवार रात पुलिस अफसर सड़कों पर उतर आए और बाजार बंद करा दिया। फोर्स के साथ पैदल मार्च किया।
प्रयागराज से देर रात हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद चौराहों पर भीड़ जमा होने लगी थी। ईद से पहले सैलानी जैसे मिश्रित आबादी वाले बाजार आधी रात तक वैसे ही गुलजार रहते हैं। इस घटना के बाद लोग समूह में चौराहों और गलियों में खड़े होकर चर्चा करने लगे। इस बीच प्रदेशभर में अलर्ट लागू होने की सूचना आ गई। एडीजी की ओर से जोन और आईजी की ओर से रेंज स्तर पर पुलिस अधिकारियों को अलर्ट का निर्देश जारी किया गया।
पुलिस ने बंद कराए बाजार
एसएसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देश पर एसपी सिटी राहुल भाटी, एएसपी विक्रम दहिया और सीओ थ्री आशीष प्रताप सिंह सादा कपड़ों में ही फोर्स के साथ शहर में निकल पड़े। अधिकारियों के साथ मौजूद पुलिस ने सैलानी का बाजार बंद करा दिया। साथ ही दुकानदारों से घर जाने को कहा। दुकानों के आगे मजमा लगाए खड़े युवकों को घर भेज दिया गया।
सड़कों से लेकर गलियों तक जाकर शहर के हालात का जायजा लिया। सभी तैनाती स्थलों पर पुलिस को सक्रियता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। सूत्रों के मुताबिक एसएसपी प्रभाकर चौधरी खुद सादा कपड़ों में शहर में घूमने निकले और अधिकारियों से फीडबैक लेकर सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा की।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि शहर में माहौल बिल्कुल ठीक है। प्रयागराज की घटना की वजह से सतर्कता बढ़ा दी गई है। हालांकि किसी तरह की समस्या या शिकायत नहीं है।