बरेली कॉलेज में परीक्षा देने जाने से पहले छात्राओं की थर्मल स्क्रीिनिंग करता एक कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं में दूसरे दिन भी कई सेंटरों पर सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन हुआ। परीक्षार्थियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। दूसरे दिन 1031 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए बरेली कॉलेज के दोनों ही गेट पर परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को मास्क, सैनिटाइजर और पानी की बोतल साथ लाने की अनिवार्यता को सख्ती से लागू किया गया। पहली पाली सुबह सात से नौ बजे के बीच बीकॉम के अनिवार्य विषय की परीक्षा हुई। बरेली कॉलेज में पहली पाली में 1284 परीक्षार्थियों में से 187 अनुपस्थित रहे। परीक्षा छूटने के बाद परीक्षार्थियों की भीड़ से कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन हुआ। कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे बंद होने की भी सूचना मिली है।
दूसरे दिन 19616 छात्र-छात्राओं ने दी परीक्षा
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से जारी सूचना के तहत दूसरे दिन 13198 छात्राओं समेत 20647 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 19616 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। 1031 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इनमें 502 छात्राएं थीं।
विश्वविद्यालय ने बनाए तीन उड़नदस्ते
अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालयों ने नकलचियों की धरपकड़ के लिए तीन उड़नदस्ते तैयार किए हैं। परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह ने बताया कि सभी उड़नदस्तों को सक्रिय कर दिया गया है।