बरेली। महाशिवरात्रि पर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। दिल्ली, लखनऊ, बदायूं, नैनीताल आदि की ओर से आने वाले भारी वाहन बुधवार शाम छह बजे से बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक शहर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
बृहस्पतिवार को कछला घाट से गंगाजल लेकर बदायूं-भमोरा-देवचरा-रामगंगा, गढ़ मुक्तेश्वर और हरिद्वार से जल लेकर आने वाले कांवड़िया रामपुर-मीरगंज-फतेहगंज पश्चिमी-सीबीगंज-किला होकर जलाभिषेक के लिए शहर में प्रवेश करेेंगे। उनके आवागमन में कोई दिक्कत न हो, इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है, जो बुधवार शाम छह बजे से बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक लागू रहेगा। इसके अलावा किला क्रॉसिंग और हार्टमन ओवरब्रिज से कोई मैजिक, टेंपो आदि भी अलखनाथ मंदिर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
यहां रहेगा डायवर्जन
- रामगंगा तिराहा, मिनी बाईपास तिराहा, सेटेलाइट तिराहा, बीसलपुर तिराहा, इन्वर्टिस तिराहा, विलयधाम बड़ा बाईपास और बिलवा पुल।
ये है रूट प्लान
- दिल्ली, रामपुर रोड से आने वाले और बदायूं जाने वाले भारी वाहन परसाखेड़ा तिराहा से बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा से फरीदपुर दातागंज होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहा, बड़ा बाईपास होकर आगे जाएंगे।
- पीलीभीत की तरफ से बदायूं जाने वाले भारी वाहन विलयधाम से बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा से फरीदपुर, दातागंज होकर आगे जाएंगे।
- नैनीताल रोड से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन बिलवा पुल से बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर, दातागंज होकर जा सकेंगे।
- सेटेलाइट से कोई भी भारी वाहन पीलीभीत रोड की ओर नहीं जा सकेगा।
- हार्टमन ओवरब्रिज से कोई भी मैजिक, मैक्स और टेंपो आदि अलखनाथ मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे। इस रूट पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- किला क्रॉसिंग से भी कोई वाहन अलखनाथ मंदिर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
- रामगंगा से मैजिक और मैक्स आदि वाहन चौपुला ओवरब्रिज की तरफ नहीं आ सकेंगे।
18 प्वाइंट पर तैनात रहेगी ट्रैफिक पुलिस
महाशिवरात्रि पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए जिले में 18 प्वाइंट बनाकर ट्रैफिक पुलिस की डयूटी लगाई गई है। इसमें मिनी बाईपास, रामगंगा तिराहा, इन्वर्टिस तिराहा, बीसलपुर चौराहा, विलयधाम, सेटेलाइट तिराहा, हार्टमन पुल, किला क्रॉसिंग, तपेश्वरनाथ, अलखनाथ, धोपेश्वरनाथ, वनखंडीनाथ, त्रिवटीनाथ, मढ़ीनाथ, पशुपतिनाथ, पुलिस लाइन, गुलड़िया गौरीशंकर सिरौली, सिद्धबाबा मंदिर फरीदपुर आदि को प्वाइंट बनाया गया है। इन स्थानों पर नौ एचसीपी, 17 कांस्टेबल और 20 होमगार्ड तैनात रहेेंगे। इनके अलावा टीआई दिनेश कुमार पांडेय और परवेज अली खान क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्था का पालन कराएंगे।
‘ महाशिवरात्रि पर भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेेंगे। बुधवार शाम से ही डायवर्जन लागू कर दिया गया, जो बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक लागू रहेगा।’ - राममोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक