स्वाइन फ्लू से जिले के एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। रविवार को यहां एक मेडिकल कॉलेज से उसे दिल्ली ले जाया जा रहा था कि मुरादाबाद में ही उसने दम तोड़ दिया। शहर में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या अब पांच हो गई है। आईवीआरआई की एक शोध छात्रा और धौराटांडा की रहने वाली अलीगढ़ मुस्लिम विवि की एक छात्रा में भी एच1 एन1 वायरस पाया गया है। दोनों को सर्विलांस टीम ने निगरानी में रखा है।
भोजीपुरा में रहने वाले 28 वर्षीय युवक को 25 फरवरी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। बाद में उसे मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया गया जहां से उसका सैंपल लखनऊ भेजा गया था। शनिवार को आई रिपोर्ट में एच1 एन1 वायरस की पुष्टि होने के बाद परिवार के लोग हेमराज को एम्स दिल्ली ले जा रहे थे मगर हेमराज ने मुरादाबाद में ही दम तोड़ दिया। मेडिकल कालेज में भर्ती आंवला के दिनेश की भी रविवार को मौत हो गई। सीएमओ विजय यादव के अनुसार उसे निमोनिया के साथ कई तरह का संक्रमण था। स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते उसका सैंपल लिया गया था लेकिन रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू नहीं पाया गया।
आईवीआरआई की एक शोध छात्रा का नमूना शुक्रवार को लखनऊ भेजा गया था। रविवार को लखनऊ पीजीआई से आई रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद छात्रा का इलाज शुरू कर दिया गया है। धौराटांडा की रहने वाली एक युवती की भी स्वाइन फ्लू टेस्ट की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। यह युवती अलीगढ़ मुस्लिम विवि की छात्रा है। पिछले दिनाें अलीगढ़ में स्वाइन फ्लू की दहशत से वह हॉस्टल खाली कर घर आ गई थी। दिक्कत बढ़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया था और उसके सैंपल जांच को भेजे गए थे। रविवार को जिला अस्पताल में आईवीआरआई की तीन अन्य छात्राएं भी अपनी स्वाइन फ्लू जांच कराने पहुंची लेकिन स्पष्ट लक्षण न पाए जाने पर उन्हें दवा देकर लौटा दिया गया।
आईवीआरआई में अलर्ट
आईवीआरआई में स्वाइन फ्लू का पहला मामला मिलने के बाद अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यहां पहले भी एक वैज्ञानिक के सैंपल लिए गए थे लेकिन उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई थी। आईवीआरआई परिसर में सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोगाें को मास्क लगाकर आने कहा गया है। कर्मचारियाें और छात्राें को सजग रहने को कहा गया है।