फरहत का मकान और नदीम की चार दुकानें सील
मौलाना तौकीर रजा को पनाह देने वाले फरहत का फाइक एन्क्लेव स्थित मकान और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम की चार दुकानों को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने शनिवार को सील कर दिया। बीडीए के अफसरों के मुताबिक, फरहत का मकान और नदीम की दुकानें दोनों ही अवैध तरीके से बनाई गई हैं।
फरहत का मकान सील कर नोटिस चस्पा किया
पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दोपहर बाद बीडीए का प्रवर्तन दल फाइक एन्क्लेव पहुंचा तो फरहत का मकान बंद मिला। टीम ने ताला तुड़वाकर अंदर बिजली आपूर्ति को बंद कराया। मकान में कोई है तो नहीं, इसे भी देखा गया। इसके बाद सरकारी ताला लगाकर उसे सील कर दिया गया। वहां नोटिस भी चस्पा किया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों ने फरहत के मकान से दूरी बनाए रखी। हालांकि, मकान सील होने के बाद लोग एक-एक कर उसे देखने आते रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली बवाल: अब तक 170 करोड़ से अधिक की संपत्तियां सील, बरातघर ध्वस्त; मौलाना तौकीर के करीबी रडार पर
बीडीए ने चार दुकानों को किया सील
- फोटो : अमर उजाला
नौमहला मस्जिद के पास चार दुकानें सील
बीडीए की दूसरी टीम ने अपराह्न 3.30 बजे नौमहला मस्जिद के पास उन चार दुकानों को सील किया, जिन्हें करीब करीब पांच साल पहले नदीम ने बनवाया था। बीडीए की टीम वहां पहुंची तो दो दुकानें बंद और दो खुली थीं। एक में आमिर स्टीकर तो दूसरे में साहिल सीट कवर की बिक्री कर रहे थे। ग्राहकों को हटाते हुए बीडीए की टीम ने दुकानदारों से बाहर आने के लिए कहा। निर्माण को अवैध बताकर सील किए जाने की जानकारी दी गई। दुकानदारों के हाथों से ताले लगवाए गए और इसके बाद सीलिंग की कार्रवाई हुई। टीम कोतवाली पुलिस को सुपुर्दगी देकर लौट गई। वहां पुलिस टीम तैनात की गई है।