दो महीने से बनी हुई है बाल रोग विशेषज्ञ की समस्या, नहीं हो पा रहा बच्चों का इलाज
बरेली। अगर आपका बच्चा बीमार है तो उसे जिला अस्पताल लेकर न आएं। यहां एक बाल रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर हैं और दूसरे बीमार हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर इस संबंध में नोटिस चस्पा कर दिया गया है। इसमें लिखा है कि एक बाल रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर हैं और दूसरे बीमार होने के कारण नहीं आ रहे हैं। बच्चा बीमार है तो उसे महिला अस्पताल में ले जाकर दिखाएं।
जिला अस्पताल में इस समय रोजाना करीब दो सौ बच्चे इलाज के लिए आ रहे हैं लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ न होने से अभिभावकाें को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में सिर्फ दो बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मेेंद्र और डॉ. श्रीकृष्ण हैं। दोनों ओपीडी के बाद एनआरसी और बच्चा वार्ड में मरीजों को देखते हैं। सीएमएस डॉ. टीएस आर्या ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ की कमी है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को बता भी चुके हैं। महिला अस्पताल में पांच बाल रोग विशेषज्ञ हैं। कई बार वहां से दो बाल रोग विशेषज्ञ देने की मांग की जा चुकी है लेकिन अब तक नहीं मिले हैं।