बरेली। बीएससी नर्सिंग की खाली सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को सीधे मौका दिया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से आवेदन लेकर 30 अक्तूबर तक खाली सीटों पर एडमिशन ले सकते हैं।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध नौ कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग का पाठ्यक्रम संचालित है। इनमें 350 सीटें हैं। आठ सितंबर को हुई प्रवेश परीक्षा में 607 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनके लिए 27 और 28 सितंबर को काउंसलिंग कराई गई, लेकिन इसके बाद भी कुछ सीटें खाली रह गईं। कॉलेज संचालक इन सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से लगातार संपर्क कर रहे हैं। इसे देखते हुए कुलसचिव ने इन कॉलेजों से 30 अक्तूबर तक एडमिशन लेकर दो नवंबर तक पूरा ब्योरा विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।