बरेली। बैंक सुरक्षा गारद में तैनात रिजर्व पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल धर्मवीर सिंह की ड्यूटी के दौरान हार्टअटैक से मौत हो गई। उनके परिवार को सूचना देकर बुलाया गया है।
पुलिस के मुताबिक 53 वर्षीय हेड कांस्टेबल धर्मवीर सिंह की ड्यूटी पटेल चौक के पास स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में गारद कमांडर के रूप में चल रही थी। वह चौपुला के पास किराये पर रहते थे। शनिवार साढ़े चार बजे वह अपने आवास पर खाना खाने आए थे। उनके कमरे में एक और सिपाही सौरव कुमार रहते हैं। धर्मवीर ने उनको बताया कि उनके सीने में दर्द है और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। फिर अपने बेड पर लेट गए। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए। इस पर सौरव ने अन्य कमरों में रह रहे पुलिस कर्मचारियों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल धनंजय पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में हार्टअटैक से मौत की बात सामने आई है। धनंजय मूल रूप से अलीगढ़ के निवासी थे, उनकी पत्नी व बच्चे मुरादाबाद में रहते हैं। उन्हें सूचना दे दी है। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया जाएगा।