चौकी से कार भी निकलवाई, ठेकेदार ले गया सामान
चौकी प्रभारी कस्बा फतेहगंज पश्चिमी चौकी स्थित अपने आवास में इन दिनों निर्माण व सुंदरीकरण करा रहा था। सूत्रों के मुताबिक छुटभैये नेताओं के इशारे पर तस्करी के धंधे से जुड़े लोगों ने इस काम की जिम्मेदारी ली थी। चौकी प्रभारी पर कार्रवाई के बाद रविवार को ठेकेदार ने यहां से सीमेंट के बोरे व अन्य सामान उठवा लिया। वहीं चौकी प्रभारी ने साथियों से चौकी के अंदर खड़ी कार भी निकलवा ली। सूत्रों के अनुसार चौकी व थाने स्तर पर अभी बलवीर के हमदर्द उसकी मदद कर रहे हैं। चौकी पर एसएसआई विश्वदेव सिंह को अस्थाई जिम्मेदारी दी गई है। वह छुट्टी चले गए हैं।
तस्करों के गुर्गों से यारी के लिए चर्चित रहा है मुंशी
निलंबित मुंशी मनोज कुमार के बारे में बताया जा रहा है कि उसका तबादला करीब आठ महीने पहले हो चुका है। बावजूद वह फतेहगंज पश्चिमी थाना नहीं छोड़ रहा। उसके खिलाफ कई शिकायतें की जा चुकी हैं। कई बार सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हैं।
आरोप है कि तस्करों के गुर्गों से उसका जुड़ाव है। थाने में आमद कराने के बाद छापामारी करने से पहले ही आरोपी फरार हो जाते हैं। शातिर स्मैक तस्कर शराफत हुसैन उर्फ भाई जान के गुर्गे भी उसके करीबी बताए जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो भाईजान बरेली में रहकर गुर्गों से उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली व मुरादाबाद में स्मैक सप्लाई कराता है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी में की गई कार्रवाई के साथ ही एक टीम बनाकर वहां हो रहे कृत्यों की जांच कराई जा रही है। जो भी पुलिसकर्मी दोषी मिलेंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी। स्मैक तस्करी जैसे धंधों पर पुलिस पूरी सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।