He was suspicious about the convocation of IVRI
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर (आईवीआरआई) के पांच नवंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए महज नौ दिन बाकी हैं लेकिन मुख्य अतिथि अभी तक तय न हो पाया है। कृषि मंत्रालय की पैरवी पर यहां से मुख्य अतिथि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण पत्र पीएमओ के पास भेजा जा चुका है। वहां से ऐसे संकेत भी दिए गए कि प्रधानमंत्री यहां आना चाहते हैं लेकिन अभी तक सहमति नहीं मिली है। इंकार भी नहीं किया गया है। ऐसे में, संस्थान में दीक्षांत की अंतिम तैयारियां नहीं हो पा रही हैं। अभी तक निमंत्रण पत्र प्रकाशित करने के लिए आईसीएआर ने अनुमति नहीं दी है। कैंपस में कुछ विभागों की नवनिर्मित बिल्डिंग का उद्घाटन होना है, मुख्य अतिथि तय न होने से इसके लिए शिलापट नहीं बन पा रहे हैं।
आईवीआरआई के अफसर अभी इस बारे में कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। उनको कृषि मंत्रालय और आईसीएआर के आदेश का इंतजार है। इसके लिए वे लगातार कृषि भवन के संपर्क में हैं। वहां से प्रधानमंत्री के आने से इंकार नहीं किया गया है। यह भी कहा जा रहा है कि वह आने के इच्छुक हैं लेकिन अभी अन्य व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम तय नहीं हो पा रहा है। वैसे, आईवीआरआई ने दीक्षांत में मुख्य अतिथि के लिए प्रधानमंत्री के इतर केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह के नाम का विकल्प खोले रखा है। अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने का कार्यक्रम नहीं बना तो कृषि मंत्री को ही मुख्य अतिथि बनाया जाएगा। हालांकि मोदी के आने पर भी वह समारोह में आएंगे। इस बीच आईवीआरआई सूत्रों ने बताया कि संस्थान के निदेशक डॉ. आरके सिंह शुक्रवार को दिल्ली बुलाए गए हैं। कृषि मंत्रालय ने उन्हें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने को बुलाया है। संभव है कि शुक्रवार को तस्वीर साफ हो जाए कि प्रधानमंत्री आएंगे या नहीं। अगर वह आएंगे तो पीएमओ की टीम यहां आकर जुट जाएगी।