बरेली। महावीर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश के चलते बृहस्पतिवार को ओपीडी आधे दिन की हुई। जानकारी के अभाव में देरी से पहुंचने वाले मरीजों को परेशान होना पड़ा।तीन सौ बेड अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दोपहर दो बजे तक रूककर मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में भेजते रहे।
बृहस्पतिवार को सार्वजनिक अवकाश होने से सरकारी अस्पतालों की ओपीडी दोपहर 12 बजे तक रही। इलाज के लिए पर्चे 11.30 बजे तक बने। जिला अस्पताल में करीब तीन सौ और तीन सौ बेड अस्पताल में इलाज के लिए डेढ़ सौ मरीजों के पर्चे बने। वहीं, कुत्ते, बंदर के हमले में जख्मी करीब डेढ़ सौ लोगों को एआरवी क्लीनिक पर वैक्सीन लगाई गई।
दोपहर 12 बजे तक ओपीडी बंद हो गई पर मरीजों का पहुंचना जारी रहा। दोपहर एक बजे नकटिया से बुखार की दवा लेने महावीर पहुंचे। नरियावल के इदरीसी को आंख में जलन, धुंधलापन की शिकायत थी। सूफीटोला के नईम को दस्त, पेट में ऐंठन, आबिदा, फातिमा महिला संबंधी रोग का इलाज कराने पहुंची थीं।
इन्हें जिला अस्पताल इमरजेंसी भेजा गया। वहीं, एआरवी लगवाने पहुंचे करीम, दिव्यांश, हिमानी, पिंटू आदि को शुक्रवार को क्लीनिक आने का सुझाव दिया गया।