बिशारतगंज। मझगवां ब्लॉक के बेहटा बुजुर्ग गांव स्थित मिनी स्टेडियम में शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान हाफिजगंज विद्यालय के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा।
बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में हाफिजगंज विद्यालय के जितेंद्र प्रथम, रूटिया के नादिर शाह द्वितीय, बालिका वर्ग में गिदौली विद्यालय की लकी प्रथम, हाफिजगंज की अंजलि द्वितीय, 100 मीटर बालक वर्ग में नूरपुर विद्यालय के सौरभ प्रथम, बेहटा बुजुर्ग के अरशिल द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में वरासिरसा की अंजलि प्रथम, कुंडरिया फैजुल्लापुर की तपस्या गोले द्वितीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर बालक वर्ग में हाफिजगंज विद्यालय के लव कुश ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में हाफिजगंज की नीरज पहले स्थान पर रहीं। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हाफिजगंज विद्यालय के सुखपाल व बालिका वर्ग में हाफिजगंज की पूजा को पहला स्थान मिला।
खो-खो प्रतियोगिता के बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय मझगवां, बालिका वर्ग में मंडोरा की टीम प्रथम स्थान पर रही। इससे पहले ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह, खंड विकास अधिकारी अनुज कुमार सक्सेना, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। छात्र छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीत, पीटी शो आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
केएसजी इंटर कालेज में हुईं खेलकूद प्रतियोगिताएं
मीरगंज। केएसजी इंटर कॉलेज में खेल जगत फाउंडेशन की ओर से ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजेंद्र प्रसाद इंटर कॉलेज, ब्रह्मा देवी बालिका इंटर कॉलेज, सूरज पब्लिक उत्तर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज, राजकुमारी मैमोरियल जूनियर हाई स्कूल, छत्रपति शिवाजी शिक्षा सदन, संत मंगलपुरी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। तुलसी मठ के मठाधीश नीरज नयन दास, मीरगंज के चेयरमैन योगेन्द्र कुमार गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, वरिष्ठ समाजसेवी अमित शर्मा आदि ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। संवाद