करवाचौथ की खरीदारी करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
साड़ी की दुकानों पर लगने लगी महिलाओं की भीड़
बरेली। करवाचौथ को लेकर महिलाएं खरीदारी शुरू कर चुकी हैं। हालांकि साड़ियों का बाजार इस बार कुछ नया ट्रेंड नहीं कर रहा है। इसके बावजूद साड़ियों की अच्छी खासी बिक्री हुई है। इससे बाजार में रौनक लौट आई है।
इस साल कई त्योहार कोरोना संक्रमण की भेंट चढ़ गए। मगर अब बाजार भी पूरी तरह खुल रहे हैं और खरीदारी भी शुरू हो गई है। बाजारों में भी रौनक पहले से अधिक बढ़ी है। चार नवंबर को करवाचौथ पर्व है। ऐसे में कपड़े और मेकअप सामग्री की दुकानें सज गई हैं। जहां ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक उत्पाद हैं, वहीं महिलाएं साड़ी और शृंगार का सामान खरीदने में लगी हैं। शहर के कुतुबखाना, बड़ा बाजार और सिविल लाइंस बाजार में भीड़ नजर आ रही है। गुरुवार को साप्ताहिक बंदी होने के बाद भी यहां करीब 75 फीसदी से अधिक बाजार त्योहार के चलते ही खुला रहा। बड़ा बाजार के व्यापारी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस बार लॉकडाउन के चलते सूरत से साड़ियों का माल कम आया है। कुछ नया ट्रेंड नहीं हो सका। हर साल कुछ न कुछ हटकर ट्रेंड करता था, वह इस बार नहीं है। हां खरीदारी शुरू हो गई है। बाजार में रौनक लौट आई है।
मेहंदी और मेकअप के लिए बुकिंग शुरू
शहर के बाजार में करवाचौथ के त्योहार पर मेहंदी लगाने को लेकर भी बुकिंग शुरू हो चुकी है। ब्यूूटीशियन नीरज सक्सेना ने बताया कि महिलाओं ने बुकिंग करानी शुरू कर दी है। हालांकि कोरोना के कारण वह बहुत अधिक बुकिंग नहीं ले रही हैं। उतनी ही बुकिंग कर रहे जिन्हें कोविड नियमों का पालन करते हुए पूरा कर सकें।