महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीआईजी अजय साहनी ने सभी जिम और फिटनेस सेंटरों के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसमें सुरक्षा व्यवस्थाओं का सत्यापन, महिला स्टाफ की अनिवार्यता और अवैध पदार्थों की जांच जैसे बिंदु शामिल हैं।
डीआईजी ने बताया कि अभियान के तहत सभी जिम और फिटनेस सेंटरों का निरीक्षण किया जाएगा। वहां इस्तेमाल होने वाले प्रोटीन पाउडर और स्टेरॉयड आदि की जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिम संचालकों को सीसी कैमरे, प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था, महिला चेंजिंग रूम और महिला शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाने, अभद्रता या छेड़छाड़ की घटनाओं के संबंध में संचालकों को खासतौर से निर्देश दिए हैं। संवेदनशील स्थानों वाले जिम और फिटनेस सेंटरों के आसपास एंटी रोमियो स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस द्वारा नियमित भ्रमण और चेकिंग की जाएगी। सभी ट्रेनर और स्टाफ का पुलिस सत्यापन कराना भी जरूरी होगा।
डीआईजी ने बताया कि जिम संचालकों को महिलाओं और पुरुषों के जिम आने का समय अलग-अलग रखने का सुझाव दिया गया है। जल्दी ही पुलिस जिमों में जाकर जिम संचालकों और महिला सदस्यों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक करेगी।