डीएम पंकज यादव के निर्देश पर अब पेट्रोल पंपों पर हो रही घटतौली और मिलावट के साथ ही खाद्य तेलों की गड़बड़ियों को पकड़ने के लिए छापे मारे गए। शनिवार को प्रशासनिक टीम ने तीन पेट्रोल पंप चेक किए हालांकि हैरत यह है कि कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली। शहामतगंज की दो फर्मों से इडेबिल आयल के दो ब्रांडों के नमूने भरे गए हैं।
एडीएम वित्त मनोज कुमार आपूर्ति और बाट माप विभाग अधिकारियों की टीम लेकर एचपीसी और बीपीसी पेट्रोल पंपों की चेकिंग कराने पहुंचे। टीम पटेल चौक स्थित विशेश्वर फिलिंग स्टेशन पहुंची यहां मशीन चेक किए गए जो सही मिले। इसके बाद टीम माली पुलिया स्थित हरीचंद लाला और विश्वविद्यालय गेट के सामने एचपीसी पंप पर पहुंची। टीम ने इन दोनों पर भी मशीनों से माप चेक कर लौट गयी। टीम ने इन पंपों से डीजल पेट्रोल नमूने नहीं लिए। जिले में ज्यादातर पंपों पर डीजल में केरोसिन मिलाकर बेचा जा रहा है लेकिन नमूना न लिया जाना हैरत में डालने वाला है। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) टीम लेकर शहामतगंज बाजार पहुंचे। टीम श्री ओम फर्म पहुंची और जय भारत इडेबिल ऑयल का नमूना लिया। बिहारी ब्रदर्स प्रतिष्ठान से चक्र ब्लेंडेड इडेबल आयल नमूना भरा। दो फर्मों पर कार्रवाई होते ही पूरी बाजार में खबर फैल गयी। इस दौरान कई कारोबारी शटर गिरा कर इधर उधर हो गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दोनों मार्कों का नमूना लैब में जांच हेतु भेजा जाएगा, रिपोर्ट मिलने पर ही कोई कार्रवाई होगी।