बरेली। बोगस फर्म के जरिये काल्पनिक व्यावसायिक गतिविधियां दिखाकर 87 लाख से ज्यादा रुपये के राजस्व की चोरी कर ली गई। राज्य कर अधिकारी खंड पांच सुनील कुमार ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुनील कुमार ने थाना प्रभारी सुनील कुमार को बताया कि सर्वश्री पीएस ट्रेडर्स नाम की फर्म प्रेमनगर क्षेत्र के हार्टमैन कॉलेज के पते पर पंजीकृत कराई गई थी। पुष्पेंद्र सिंह फर्म का प्रोपराइटर था। फर्म ने बिना वास्तविक माल की आपूर्ति और कर भुगतान किए फर्जी आईटीसी पास ऑन करवा दिया। इसके फर्जी रिकार्ड बनाए गए। विभागीय जांच में पाया गया कि पीएस ट्रेडर्स द्वारा बिना माल की आपूर्ति के ही चालान जारी किए गए। झूठे जीएसटी रिटर्न दाखिल किए गए।
अधिकारी ने बताया कि भौतिक सत्यापन में यह फर्म अस्तित्वहीन पाई गई। मौके पर सत्यापन में किसी भी तरह की फर्म या संचालन की पुष्टि नहीं हो सकी। कुल 87,04,603 रुपये का फर्जी आईटीसी पास ऑन किया गया। कई फर्जी फर्म को शामिल कर घोटाले को अंजाम दिया गया। फर्म स्वामी ने फर्जी किरायानामा, ईवे बिल का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी की। प्रेमनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, विवेचना में स्थिति स्पष्ट की जाएगी।