बरेली। बारादरी पुलिस ने चरस समेत तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अयोध्या का निवासी है। वह यहां चरस की डिलीवरी देने आया था। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि रविवार को शाहदाना रेलवे मैदान से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें रोहित निवासी रुदौली थाना कोतवाली जिला अयोध्या, छोटू कश्यप निवासी गांव चांदपुर थाना भमोरा और नासिर निवासी पशुपति बिहार कॉलोनी थाना बारादरी शामिल हैं। आरोपियों से 401 ग्राम चरस बरामद हुई है।
रोहित ने बताया कि वह कक्षा आठ तक पढ़ा है। पहले वह अयोध्या में भांग के ठेके पर काम करता था। इसी दौरान वह तस्करों के संपर्क में आया और चरस बेचने लगा।
बरेली में चरस लाकर वह फुटकर में बेचता था। रविवार को भी यहां चरस देने आया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि नासिर और छोटू कश्यप उससे चरस खरीदकर फुटकर में बेचते थे।