राज्यपाल राम नाईक बुधवार को गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार जाते और वहां से लौटते समय आधा-आधा घंटे के लिए बरेली में रुकेंगे। जिला प्रशासन ने राज्यपाल का सरकारी कार्यक्रम मिलने के बाद बुधवार को ट्रैफिक डाइवर्ट करने का फैसला लिया है। इसीलिए लोगों को सिविल लाइन की ओर जाना जरूरी हो तभी जाएं। अधिकारियों ने पुलिस लाइन से लेकर सर्किट हाउस तक राज्यपाल की फ्लीट का रिहर्सल भी किया ।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार राज्यपाल लखनऊ स्थित अमोसी हवाई अड्डे से सुबह आठ बजे राजकीय हेलीकाप्टर से चलेंगे और सुबह नौ बजे बरेली पुलिस लाइन हैलीपैड पर आएंगे। यहां से सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां करीब पौन घंटे रुकने के बाद वह 9.50 बजे हैलीकाप्टर से हरिद्वार के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां से वापसी में वह दोपहर 2.55 बजे सर्किट हाउस बरेली आएंगे। उसके बाद 3.50 बजे पुलिस लाइन हैलीपैड से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
इस तरह रहेगा रूट परिवर्तित
बदायूं रोड से आने वाले भारी वाहन बुखारा मोड़ से फरीदपुर होकर जाएंगे। मिनी बाईपास तिराहा, रामपुर रोड से कोई भारी वाहन शहर में चौपुला चौराहे की ओर नहीं जाएगा। सेटेलाइट की ओर से आने वाला कोई भी भारी वाहन चौकी चौराहा की तरफ नहीं आएगा। चौकी चौराहा से कोई भी भारी वाहन लाल फाटक की ओर नहीं जाएगा। बदायूं की ओर जाने वाली सभी रोडवेज की बसें अय्यूब खां, चौपुला चौराहा, चौपुला पुल से होकर बदायूं जाएंगी। इसी तरह बदायूं से आने वाली बसें भी इसी मार्ग से होकर आएंगी।