सुबह सात बजे से शहर में वाहनों का प्रवेश बंद
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और अति महत्वपूर्ण अतिथियों की मौजूदगी की वजह से बृहस्पतिवार को शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सुबह सात बजे से अतिथियों की शहर में मौजूदगी तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्टनगर, रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
दिल्ली व रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन व रोडवेज बसें झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा, भमोरा होते हुए बदायूं की ओर आ-जा सकेंगी। नैनीताल व पीलीभीत की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से बदायूं की ओर गुजारा जाएगा। लखनऊ की तरफ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, रजऊ तिराहा, बड़ा बाइपास होते हुए गुजारे जाएंगे।
यह भी पढ़ें- UP News: पीलीभीत से एडीएम ऋतु पुनिया हटाई गईं, विहिप पदाधिकारी के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
बदायूं की ओर से आने वाले वाहन भमोरा, देवचरा, फतेहगंज पूर्वी, रजऊ तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे। बदायूं व लखनऊ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें रजऊ तिराहा से सेटेलाइट बस अड्डे तक आ सकेंगी। इस दौरान पुराने बस अड्डे से बसों का संचालन बंद रहेगा।
प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। क्यूआरटी और मोबाइल पुलिस टीमें भी शहर में सक्रिय रहेंगी। बुधवार को सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के आसपास स्थित होटलों की भी पड़ताल की गई। सीसी कैमरों के जरिये भी निगरानी की जा रही है।