फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकार ने चिकित्सकों को बदनाम, मरीजों को परेशान करने के लिए बनाई है आयुष्मान योजना : आईएमए

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सरकार ने चिकित्सकों को बदनाम और मरीजों को परेशान करने के लिए आयुष्मान योजना बनाई है। इसमें तमाम खामियां हैं। यह व्यवहारिक भी नहीं। आईएमए आपके साथ है। आपने जो किया, उन परिस्थितियों में जो भी चिकित्सक होता, यही करता। आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन पालीवाल ने ये बातें आयुष्मान योजना को धोखा बताने वाले दीपमाला अस्पताल के डॉ. सोमेश मेहरोत्रा को जारी पत्र में लिखी हैं। आईएमए बरेली शाखा ने इसे प्रदेश अध्यक्ष का निजी विचार बताया, पर आयुष्मान योजना में जरूरी संशोधन की बात भी कही।
विज्ञापन

डॉ. सोमेश सहित प्रदेश के सभी आईएमए सदस्यों को संबोधित इस पत्र की प्रतिलिपि सीएमओ बरेली को भी भेजी गई है। अब इस पत्र को लेकर सफाई का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष एक तरफ पत्र को झूठा बता रहे हैं तो दूसरी ओर उसे धोखे से रिकॉर्ड किए जाने की बात भी कही है। साथ ही, उसे एडिट भी बताया है। वीडियो बनाने वाले मरीज के परिजन को ब्लैकमेलर भी कहा है। जबकि, आरोपी डॉक्टर ने वीडियो वायरल होने के बाद उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई। न उसे झूठा बताया, न ही वीडियो के जरिये मरीज के परिजन द्वारा ब्लैकमेल किए जाने की बात कही।
चिकित्सकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए बने पोर्टल
आईएमए बरेली शाखा के अध्यक्ष डॉ. आरके सिंह का कहना है कि आयुष्मान योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए संजीवनी है, लेकिन चिकित्सकों का भी ध्यान रखना होगा। अगर इलाज की मंजूरी दी है तो भुगतान निरस्त करना सही नहीं। सरकार से मांग है कि योजना संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए पोर्टल बनाया जाए। केस रिजेक्शन एकतरफा न हो और मरीजों-चिकित्सकों के बीच सामंजस्य बना रहे।
विज्ञापन


जांच पूरी... टीम ने दोनों पक्षों के दर्ज किए बयान, तैयार हो रही रिपोर्ट
बरेली। आयुष्मान योजना को धोखा बताने और मरीज को अस्पताल से निकालने के मामले की जांच पूरी हो गई है। टीम ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिया है। मरीज के इलाज से संबंधित रिकॉर्ड भी लिया है। आयुष्मान योजना से पूर्व में हुए इलाज का रिकॉर्ड भी अस्पताल से मांगा गया है। अब जांच अधिकारी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। जिस दिन वीडियो वायरल हुआ, डिप्टी सीएम के निर्देश पर उसी दिन आरोपी डॉक्टर के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया गया था। रविवार को अवकाश में भी जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बयान दर्ज किया। सोमवार को प्राथमिक जांच रिपोर्ट भी दे दी। एसीएमओ डॉ. राकेश ने बताया कि जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जाएगी।
ये है मामला
15 नवंबर को दीपमाला अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन से डॉ. सोमेश मेहरोत्रा की बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें डॉ. सोमेश ने आयुष्मान योजना को धोखा बताते हुए सरकारी अस्पतालों में चूरन-चटनी वाला इलाज मिलने की बात कही थी। आधे-अधूरे इलाज के बाद मरीज को अस्पताल से निकाल देने के निर्देश स्टाफ को दिए थे। निकाले जाने के बाद दूसरे अस्पताल ले जाने के दौरान मरीज विजय लक्ष्मी की मौत हो गई थी। मृतका के बेटे गोविंद मोहन ने इसका वीडियो वायरल कर दिया था। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें