बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में बाजार गए युवक को दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र में गांव भीकमपुर निवासी धर्मपाल को कुछ युवकों ने बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
पीड़ित धर्मपाल ने बताया कि वह सोमवार शाम अपने भाई उमेश के साथ बाइक से कुड्डा गांव की साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार में उमेश का गांव निवासी सुभाष से किसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि जब उन्होंने विवाद टालने और भाई को बचाने की कोशिश की तो सुभाष, फूल सिंह, सत्येंद्र और राजवीर ने उन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से धर्मपाल को जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस पर आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर पिटाई करने वालों की तलाश में जुट गई है।