यूपी के शाहजहांपुर में करना और मसीद रेलवे स्टेशन के बीच ब्लॉग सेक्शन में बृहस्पतिवार रात मालगाड़ी का इंजन फेल होने से चार घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। लखनऊ मेल, चंडीगढ़ एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें लेट हो गईं। दूसरी ट्रेन के इंजन से मालगाड़ी को पीछे से धक्का देकर अगले स्टेशन तक ले जाया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
लखनऊ से रोजा आ रही मालगाड़ी का इंजन बृहस्पतिवार रात 11:00 बजे करना और मसीद रेलवे स्टेशन के बीच ब्लॉग सेक्शन में फेल हो गया। लोको पायलट के काफी कोशिश करने के बाद भी इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। आखिर में स्टेशन मास्टर और कंट्रोल को पावर फेल होने की जानकारी दी गई।
जिसके बाद कंट्रोल के आदेश पर पीछे से आ रही लखनऊ मेल, पद्मावत, चंडीगढ़, नौचंदी, काठगोदाम, सप्त क्रांति एक्सप्रेस, सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस, लखनऊ एक्सप्रेस आदि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों पर रोक दिया गया। कंट्रोल के आदेश पर पद्मावत एक्सप्रेस का इंजन काटकर पीछे से धक्का देकर मालगाड़ी को अगले स्टेशन तक ले जाकर खड़ा किया गया।