बहेड़ी। देवरनियां क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों की डोर ऐसी उलझी कि पूरा इलाका चर्चा का केंद्र बन गया। यहां एक युवक अपनी पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर साली संग चला गया, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। अगले ही दिन उसी युवक का साला भी उसकी बहन को लेकर चला गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। बुधवार को मामले में समझौता करा लिया गया।
पुलिस के मुताबिक छह साल पहले नवाबगंज इलाके की युवती से युवक की शादी हुई थी। दोनों के दो मासूम बच्चे भी हैं। बावजूद इसके युवक का दिल अपनी साली पर आ गया। दूसरी ओर, युवक की बहन और उसके साले के बीच भी मोहब्बत का रिश्ता पनपने लगा। 23 अगस्त की रात युवक अपनी साली को लेकर चला गया। अगले ही दिन युवक का साला भी जीजा की बहन को लेकर चला गया।
युवक की नाराज पत्नी थाने पहुंच गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवक-युवतियों को पकड़ लिया। फिर कोतवाली नवाबगंज में दोनों के बीच पंचायत हुई और मामला निपटा दिया गया। इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किसी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है। मामला यहीं खत्म कर दिया गया। संवाद