दो साल पहले पॉक्सो एक्ट में युवक के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट
भमोरा। युवक के खिलाफ फॉस्ट ट्रैक कोर्ट में गवाही देने से पहले युवती का उसके मायके में फंदे पर शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने बृहस्पतिवार को पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी ग्रामीण ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री, जिसको दो साल पूर्व नाबालिग थी। उसको परिचित युवक कहीं ले गया था। इसका उन्होंने भमोरा थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने खोजकर बेटी को उनके सुपुर्द कर दिया था। ग्रामीण ने बताया कि बालिग होने पर उन्होंने बेटी का विवाह कादर चौक थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी से कर दिया। इस बीच गवाही के लिए बेटी मायके आई हुई थी। बृहस्पतिवार को कोर्ट में बयान दर्ज होने थे। संवाद
गवाही न देने की जिद पर अड़ी थी
ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार को बरेली में फॉस्ट ट्रैक कोर्ट में गवाही होनी थी। युवती युवक के खिलाफ गवाही न देने की जिद पर अड़ी थी। बुधवार देर रात युवती की मां जब उसके कमरे में गई तो युवती का शव फंदे पर लटक रहा था। वह छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। एसओ भमोरा सनी चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद