बरेली के नवाबगंज में बाइक सवार तीन शोहदों ने स्कूटी सवार छात्रा से छेड़खानी कर दी। छात्रा ने वहां से गुजर रहे मुंसिफ मजिस्ट्रेट की कार के सामने स्कूटी लगाकर खुद को बचाया।मजिस्ट्रेट के सुरक्षा कर्मी ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए।
बरेली के नवाबगंज में कॉलेज से घर लौट रही पीलीभीत निवासी छात्रा से पटेल चौक पर बाइक सवार शोहदों ने छेड़खानी कर दी। छात्रा ने शोहदों से बचने के लिए स्कूटी मुंसिफ मजिस्ट्रेट की गाड़ी के सामने लगा दी। मजिस्ट्रेट के सुरक्षा गार्ड ने एक शोहदे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी भी पीलीभीत जिले का है। तलाशी के दौरान उससे एक कारतूस बरामद हुआ है।
विज्ञापन
पीलीभीत के एक मोहल्ले की निवासी छात्रा रिठौरा के एक कॉलेज में पढ़ती है। वह रोज स्कूटी से कॉलेज जाती है। मंगलवार शाम वह स्कूटी से घर लौट रही थी। वह जैसे ही नगर के पटेल चौक पर पहुंची, उस बीच छात्रा के साथ बाइक सवार तीन शोहदों ने छेड़खानी शुरू कर दी। आरोप है छात्रा ने खुद को बचाने के लिए हाईवे से गुजर रहे मुंसिफ जज की गाड़ी के सामने स्कूटी लगा दी। जज के कहने पर चालक ने गाड़ी रोक दी। गाड़ी में बैठे जज के सुरक्षा गार्ड ने एक शोहदे को पकड़ लिया, जबकि दो बाइक लेकर भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शोहदे को हिरासत में ले लिया। घटना की तहरीर छात्रा ने थाना नवाबगंज में दी। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पीलीभीत जिले के थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव नाग परसियापुर निवासी पंकज पुत्र महेश चंद्र है। उसके दोनों साथियों के बारे में जानकारी की जा रही है। आरोपी की जेब से 12 बोर का जिंदा कारतूस मिला है। इसके बारे में भी जांच की जा रही है।