बरेली में परिवार के साथ मेला देखने ननिहाल आ रही 10 वर्षीय छात्रा रुचि ने थूकने के लिए ई-रिक्शा से सिर बाहर निकाला। इसी दौरान बगल से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम दहिया निवासी प्रेमपाल की कस्बा सेंथल के मोहल्ला ठाकुरद्वारा में ससुराल है। बृहस्पतिवार शाम प्रेमपाल अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा से साले राजेन्द्र के यहां मेला देखने आ रहे थे। ई-रिक्शा में उनके साथ पत्नी राजो देवी, बेटे विपिन व ब्रिज, बेटी रुचि और दीक्षा सवार थीं। सेंथल-जादोपुर मार्ग पर कर्बला मोड़ के पास रुचि के मुंह में कीड़ा चला गया था। थूंकने के लिए रूचि ने ई-रिक्शा से सिर बाहर निकाला।
UP: 'आप, आपका इंस्पेक्टर और एसपी यहां रहने लायक नहीं...', सीओ पर भड़के विधायक बेटे पर हमले से खफा पूर्व सांसद
इसी दौरान वह बगल से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। प्रेमपाल ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने काफी शोर मचाया, लेकिन ट्रैक्टर चालक नहीं रुका। वह तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया।