हाफिजगंज। घर के बाहर से शुक्रवार शाम चार बजे लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी का शव तीन घंटे बाद हाफिजगंज बाईपास के पास अवैध रूप से चल रहे स्वीमिंग पूल में उतराता मिला। घटना की सूचना पर किशोरी के पिता उसे ढूंढते हुए स्वीमिंग पूल पर पहुंचे तो उन्होंने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किशोरी के पिता ने स्वीमिंग पूल के मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है।
हाफिजगंज में रहने वाले अशफाक कस्बे में एक टाइल्स की दुकान पर मजदूरी करते हैं। अशफाक के मुताबिक उनकी 13 वर्षीय बेटी अरीमा शुक्रवार शाम चार बजे घर के बाहर से लापता हो गई थी। वह मजदूरी करके घर लौटे तो बेटी को घर पर न पाकर उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान हाफिजगंज बाईपास पर एक स्वीमिंग पूल में लड़की का शव मिलने की जानकारी पर वह मौके पर पहुंचे तो शव अरीमा का निकला। उन्होंने शव स्वीमिंग पूल से बाहर निकाला और सूचना पुलिस को दी। एसओ प्रदीप कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने स्वीमिंग पूल मालिक से संचालन की परमीशन मांगी तो वह नहीं दिखा सका। एसओ ने बताया कि अवैध रूप से क्षेत्र में चल रहे स्वीमिंग पूल के मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी।
रिठौरा से नवाबगंज तक अवैध स्वीमिंग पूल की भरमार
रिठौरा से लेकर नवाबगंज तक कई दर्जन अवैध स्वीमिंग पूल खुले हुए हैं, जिनमें बच्चों से 15 रुपये टिकट लेकर उनकी जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। इन स्वीमिंग पूल पर न तो कोई गोताखोर रहता है और न ही सुरक्षा के इंतजाम है। बच्चों को बिना लाइफ जैकेट के ही इनमें उतार दिया जाता है। यह बात न तो पुलिस से छिपी है और न ही क्षेत्र के अफसरों से, लेकिन इसके बाद भी अब तक इन स्वीमिंग पूल पर शिकंजा नहीं कसा गया। ऐसे ही नियम कायदे ताक पर रखकर चलाए जा रहे स्वीमिंग पूल में शुक्रवार को लापता अरीमा का शव उतराता मिला।