नवाबगंज/दुनका/शाही/आंवला। कस्बों और देहात क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्थाओं के दावों के बावजूद गैस सिलिंडर की डिलीवरी उपभोक्ताओं को देरी से रही है। इस कारण आम उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है तो जरूरी होने पर एजेंसियों पर भीड़ के बीच धक्के खाना पड़ रहा है। यही हालत कस्बों व देहात क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में भी देखने को मिला।
विभाग के अनुसार, बुकिंग के बाद 24 घंटे में गैस सिलिंडर की डिलीवरी एजेंसी से होनी चाहिए, लेकिन कहीं तीन दिन तो कहीं दस दिन तक उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है। इन जगहों पर व्यवस्थाओं को बेहतर करने के दावे तो किए गए हैं, लेकिन यहां भी लोगों को बुकिंग के तीन दिन बाद गैस सिलिंडर मिल पा रहा है। इससे लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर सिलिंडर न मिलने से उन्हें अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने गैस एजेंसियों के संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि डीएसी नंबर आने के बाद ग्राहकों को सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। होम डिलीवरी में कुछ देरी हो सकती है। देरी के चलते वितरण प्रभावित हुआ है, जबकि नवाबगंज में सात गैस एजेंसियां हैं।
नवाबगंज के पूर्ति निरीक्षक सलिल भटनागर ने बताया कि डीएसी नंबर आने के बाद गैस समय से उपलब्ध नहीं हो रही है। ऐसा मेरी जानकारी में नहीं है। यदि ऐसा है तो एजेंसी संचालकों को समय से गैस का वितरण करने के निर्देश दिए जाएंगे।
आंवला में भाजपा नेता व सभासद सुनील श्रीवास्तव, गुलजारी लाल चंद्रा व नौशाद ने बताया कि दस दिन पहले गैस बुकिंग की थी, पर डीएसी नंबर प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा जब भी अपनी समस्या को लेकर अलीगंज बस स्टैंड स्थित गैस सर्विस पर जाते हैं। वहां मौजूद स्टाफ टाल-मटौल कर वापस कर देता है।
बिना बुक हुए सिलिंडर कहीं और कर दिया डिलीवर
उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी पर मनमानी व धांधली करने का लगाया आरोप
शाही/दुनका। कस्बा क्षेत्र में बिना बुक हुए सिलिंडर कहीं और डिलीवरी करने का मामला सामने आया है। उपभोक्ताओं ने संबंधित गैस एजेंसी पर मनमानी व धांधली करने का आरोप लगाया है।
कस्बा के मोहल्ला गांधीनगर की रहने वाली ओमवती ने बताया कि उन्होंने अपना गैस सिलेंडर दो माह पहले 26 फरवरी को लिया था। अब बृहस्पतिवार को जब वह गैस सिलिंडर बुकिंग कर रही थी तो सिलिंडर बुक नहीं हो सकी। संबंधित गैस एजेंसी में जाकर पूछताछ की तो कहा कि पहले ही सिलिंडर बुकिंग होकर डिलीवर हो चुका है।
दुनका क्षेत्र के गांव फिदाईपुर के जीवनलाल एवं रामपाल ने बताया कि उन्होंने चार माह से अभी तक सिलिंडर बुक नहीं किए। एक सप्ताह पूर्व एजेंसी पर गैस सिलिंडर लेने गए तो एजेंसी पर बताया गया, आपके द्वारा गैस सिलेंडर ले लिए गए हैं। अब 45 दिन बाद बुक करके गैस सिलिंडर ले। इस तरह दोनों ने बताया कि उनके सिलिंडर पहले ही किसी और को दे दिए गए। गैस एजेंसी पर शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इधर, पूर्ति निरीक्षक रवि कुमार सक्सेना ने बताया कि शिकायत मिलती है तो जांच कर आपूर्ति सुनिश्चित कराऊंगा।
-