फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: रास्ते में खड़ी कार न हटाने पर बरात में बवाल, घर में घुसकर दुल्हन को पीटा, 38 लोगों पर रिपोर्ट

Fri, 17 Apr 2026 11:33 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मेमौर में बृहस्पतिवार रात शादी समारोह के दौरान रास्ते में खड़ी कार को न हटाने को लेकर मेहमानों और गांववालों के बीच जमकर मारपीट हुई। गुस्से से आग-बबूला हुए आरोपियों ने तोड़फोड़ करते हुए मेहमानों के साथ घर में घुसकर दुल्हन की भी पिटाई कर दी। आरोप है कि दुल्हन के गले से सोने की डेढ़ तोले की चेन भी तोड़ ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया। अब दुल्हन के पिता ने आरोप लगाते हुए शुक्रवार को 38 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

विज्ञापन


तहरीर के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ, जब केवल राम मौर्य के घर के सामने दावत में आए मेहमानों की कार रास्ते में खड़ी थी। गांव के कैलाश यादव ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आए और कार हटाने को कहा, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार में हल्की खरोंच लगने पर कार मालिक मेहमानों ने कैलाश यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। कैलाश ने अपने परिजनों को बुलाया, जिसके बाद 35-40 लोग लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने दावत खा रहे मेहमानों पर हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। 

घटना के बाद मौके से भाग गए आरोपी 
हमलावर घर में घुस गए और मेहमानों, घर वालों और दुल्हन की भी पिटाई की। उन्होंने खाने के पंडाल में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर डायल 112 और भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी भाग गए। दुल्हन के पिता ने दुल्हन के गले से डेढ़ तोला सोने की चेन भी छिनकर आरोपियों पर ले जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर बृहस्पतिवार रात में मिली थी। उन्होंने कहा कि मारपीट, छिनैती समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन


दूसरे पक्ष ने भी की शिकायत
दूसरे पक्ष के लोगों ने भी मारपीट की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें