घरेलू रसोई गैस पर सब्सिडी पाने के लिए बैंक खाता अथवा आधार होना अनिवार्य हो गया है। इसके बगैर अब सस्ता सिलेंडर नहीं मिलेगा। पेट्रो कंपनियों ने एजेंसियों से कहा है कि कनेक्शन लिंक न कराने वाले ग्राहकों को फरवरी में सामान्य यानी गैर सब्सिडी वाली गैस सप्लाई करायी जाए।
पहली जनवरी से ‘पहल’ योजना शुरू हो गई है। ‘पहल’ योजना लागू होने से कनेक्शन धारक के बैंक खाते में सब्सिडी पहुंचना शुरू हो गई है। जिले में 5.34 लाख घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं लेकिन अब तक सिर्फ 2.59 लाख ग्राहकों ने ही अपना कनेक्शन बैंक से लिंक कराया है। कनेक्शन लिंक कराने के लिए बैंक खाता अथवा आधार कार्ड होना अनिवार्य है। बताया जाता है कि ज्यादातर लोगों ने नए बैंक खाते खुलवाए हैं लेकिन उन्हें पासबुक ही नहीं मिल पा रही है। नए आधार कार्ड बनवाने वाले भी परेशान हैं। दो माह पहले आधार बनवाने पर भी उनको कार्ड नहीं मिल पाए हैं।
उधर, पेट्रोलियम कंपनियों ने 31 जनवरी के बाद लिंक न होने वाले कनेक्शनों पर सस्ते सिलेंडर की सप्लाई न देने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे अब एजेंसियां फरवरी में सस्ता सिलेंडर सप्लाई नहीं करेंगी। जिन एलपीजी ग्राहकों का कनेक्शन बैंक से लिंक हो गए हैं, उन्हें सीधे बैंक खाते के माध्यम से सब्सिडी मिलेगी। जिला समन्वयक एनके गुप्ता ने बताया कि सभी गैस एजेंसियां इसका पालन करेंगी। उधर, डीएसओ केएल तिवारी ने इस मामले में बैठक आयोजित कर निर्देश दिए कि बचे हुए सभी गैस ग्राहकों से बैंक खाता और आधार कार्ड नंबर ले लिया जाए। सिलेंडर सप्लाई करने से पहले ही संबंधित कागजात ले लें। जो ग्राहक कागजात न दे उसकी सप्लाई प्रतिबंधित कर दी जाए। बैठक में वितरक एसोसिएशन उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, पूर्ति निरीक्षक आरिफ खां और पेट्रोलियम कंपनी अफसर मौजूद रहे।