बरेली। बदायूं रोड स्थित गणेश नगर मोड़ पर चौपुला पुल के उतरते ही गणेश नगर मोड़ पर बने पुराने डलाव घर को जल्द ही हटाया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही गंदगी और बदबू की समस्या से राहत मिलेगी।
मुख्य सड़क पर कूड़े के ढेर से राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती थी। यहां बेसहारा पशुओं का जमावड़ा रहता था, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता था। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस मामले का संज्ञान लिया। अब नगर निगम और तहसील प्रशासन ने मिलकर इसे हटाने की योजना पर काम शुरू किया है। एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि तहसील प्रशासन की विशेष टीम के साथ मिलकर काम हो रहा है। वे संयुक्त रूप से वैकल्पिक जमीनों का मुआयना कर रहे हैं। इसका उद्देश्य जल्द-से-जल्द एक बेहतर जगह का चयन करना है।
योजना के तहत कूड़ेघर को किसी उपयुक्त और सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर जमीन की पैमाइश और चिह्नीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। जमीन तय होने के बाद आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।