मीरगंज/शाही। मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों पर पुलिस ने शनिवार को गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की है।
प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि अलीगंज थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी महिपाल गैंग चलाता है। गैंग लीडर महिपाल के गिरोह में सिरौली थाना क्षेत्र के गौटिया डालचंद निवासी नरेश पाल और आंवला थाना क्षेत्र के मानपुर गांव के रहने वाले राजकुमार उर्फ डोरी सदस्य के रूप में संगठित होकर तस्करी आदि गैरकानूनी काम करते हैं।
उक्त लोग क्षेत्र में अफीम एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करके अधिक धन अर्जित करने के उद्देश्य से असामाजिक कार्य करते रहते हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के लोगों की समाज व आसपास के क्षेत्र में दहशत है, जिससे लोग इन अपराधियों के खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं कर पाते हैं।
अब तीनों गंभीर अपराधियों के खिलाफ मीरगंज पुलिस की ओर से उत्तर प्रदेश गिरोह बंद, समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई करके शिकंजा कस दिया गया है। संवाद