फतेहगंज पूर्वी। विद्युत निगम में नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों से 56 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर पीड़ितों से दो माह तक नौकरी भी करवाई। उसके बाद सैलरी का भुगतान भी नहीं कराया। पीड़ितों ने शनिवार को पुलिस को तहरीर दी है।
गांव उचसिया निवासी विकास, बसावनपुर निवासी रामसेवक, फतेहगंज पूर्वी के पुराना रोडवेज निवासी संजीव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि फतेहगंज पूर्वी के एक व्यक्ति ने विद्युत निगम में संविदा कर्मी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर तीनों लोगों से 56 हजार रुपये ले लिए। उसके बाद फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिए और दो महीने तक नौकरी भी करवाई, लेकिन सैलरी नहीं मिली, तब उन लोगों ने जानकारी की तो धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने थाने में पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद