नवाबगंज। गंगापुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के संबंध में विवाद जारी है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ ग्रामीणों के दोनों पक्षों की बुधवार को हुई वार्ता विफल रही। दोनों पक्ष अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके बाद सोमवार को फिर वार्ता कराने का निर्णय किया गया है।
गंगापुर में अनुसूचित समाज ने प्रशासन की बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित की थी। कुछ दिन बाद गांव के दूसरे पक्ष ने प्रतिमा खंडित कर दी थी। इसपर दोनों पक्षों ने नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दूसरे पक्ष ने हाईकोर्ट का रुख किया। कोर्ट ने प्रशासन को सहमति से मामला निपटाने का आदेश दिया था।
एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसपी देहात उत्तरी मुकेशचंद्र मिश्रा और एसडीएम उदित पंवार समेत अन्य अधिकारियों ने पक्षों से बुधवार को अलग-अलग वार्ता की। वार्ता में गांव की एक खाली भूमि पर प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि, दोनों पक्ष इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं हुए हैं। एडीएम ने सोमवार को वार्ता का निर्णय किया। इस दौरान सतेंद्र कुमार, ताराचंद, उमाचरन आदि मौजूद रहे।
वर्जन,
दोनों पक्षों से वार्ता की गई है। राजस्व टीम गांव की खाली भूमि की पैमाइश बृहस्पतिवार को करेगी। सोमवार को ग्रामीणों से फिर वार्ता की जाएगी। उम्मीद है कि समझा-बुझाकर मामले का हल निकाल लिया जाएगा। इस मामले की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। - उदित पंवार, एसडीएम