बरेली। जीपी क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित बिग बॉयज लीग के मुकाबलों में गज ग्रीन और पावर स्ट्राइकर्स ने अपनी-अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पराजित कर शानदार जीत हासिल की।
पहले मुकाबले में श्रीजनी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 123 रन बनाए। टीम के लिए अजीत यादव ने 43 और विपिन बावा ने 32 रनों का योगदान दिया। गज ग्रीन की ओर से अब्दुल समद और रविंद्र परिहार ने गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछे करने उतरी गज ग्रीन की टीम ने गगन मेहरोत्रा के 45 और शुभंकर सेठ के 25 रनों की बदौलत 14.5 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीजनी की तरफ से विपिन ने एक विकेट लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए अब्दुल समद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में पावर स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट पर 231 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आकाश सूरी ने 56 और अभिषेक विरमानी ने 50 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि अमन अरोड़ा ने 34 व कनिष्क आनंद ने 32 रन बनाए। सृजनी की ओर से सतेंद्र गुप्ता ने दो विकेट लिए। 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सृजनी की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 168 रन ही बना सकी। पावर स्ट्राइकर्स के गेंदबाज सानिध्य गुप्ता ने दो विकेट हासिल किए।