जिलाधिकारी की निगरानी में कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं के लिए 606 डेस्क-बेंच की होगी खरीद
बरेली। प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम-श्री) योजना के तहत जिले के 27 कंपोजिट व प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की खरीद के लिए सरकार ने 40.108 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस पैसे से कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं के लिए 606 डेस्क-बेंच जिलाधिकारी की निगरानी में जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदे जाएंगे।
पीएम-श्री योजना का उद्देश्य प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षा को आधुनिक संसाधनों, तकनीक और बेहतर वातावरण से जोड़ना है। इसके तहत कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था, शैक्षणिक वातावरण और क्लास रूम प्रबंधन में सुधार किया जाना है। इस क्रम में जिले में कक्षा एक से दो के लिए 303 यूनिट और कक्षा तीन से पांच के लिए 303 यूनिट फर्नीचर स्वीकृत किए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग ने इन डेस्क-बेंच की डिजाइन, परिमाण और गुणवत्ता का मानक निर्धारित किया है। इस संबंध में बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया इसी माह पूरी कर ली जाएगी। फरवरी तक सभी विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध करा दिया जाएगा। पीएम-श्री योजना में पहले से चल रहे निर्माण और स्मार्ट क्लास के साथ यह बड़ा कदम है। ब्यूरो