बरेली। डाक विभाग उत्तर प्रदेश परिमंडल की एमटीएस परीक्षा के दौरान सावित्री देवी इंटर कॉलेज, करगैना में पकड़ा गया मुन्ना भाई कक्ष निरीक्षक को लघुशंका के बहाने चकमा देकर फरार हो गया। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
रविवार को सुबह दस बजे से 12 बजे तक थाना सुभाषनगर के करगैना स्थित सावित्री देवी इंटर कॉलेज में परीक्षा होनी थी। परीक्षा की ओएमआर सीट वितरित करने बाद कमरा नंबर 8-ए के कक्ष निरीक्षक मनोज कुमार ने परीक्षार्थियों को चेक करना शुरू कर दिया। इस दौरान परीक्षार्थी जयप्रकाश के स्थान पर दूसरा लड़का बैठा था। उसके पास प्रवेश पत्र भी फर्जी था। पकड़ में आने पर लड़के से पूछताछ की तो उसने अपना नाम आशीष मिश्रा बताया। पिता का नाम नहीं बताया, कहने लगा कि वह सुभाषनगर(सीतापुर) का रहने वाला है। सूचना पर केंद्र अधीक्षक और कॉलेज की प्रधानाचार्य लता देवी भी पहुंच गईं। युवक के पास से पहचान पत्र भी मिला है। युवक को कक्ष निरीक्षक कमरे से बाहर लाकर पुलिस को बुला रहे थे, इसी दौरान लघुशंका के बहाने वह कॉलेज से भाग गया। उसे पकड़ने के लिए कॉलेज के स्टाफ ने काफी दूर तक दौड़ भी लगाई, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसओ जेपी यादव ने बताया कि देर शाम को कक्ष निरीक्षक की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश की जा रही है।