सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस की मदद से खुलासा, टीम को दस हजार इनाम
बरेली। शहर के जोगी नवादा निवासी ई-रिक्शा चालक कमल की हत्या का खुलासा करके पुलिस ने उसके दो दोस्तों को जेल भेज दिया गया। पुलिस लाइन में खुलासे के दौरान एसएसपी ने बताया कि प्रेमप्रसंग और रंजिश आदि कई पहलुओं पर पुलिस ने पड़ताल की, लेकिन हत्या की वजह ई-रिक्शा की बैटरी लूटना निकली। उन्होंने खुलासा करने वाली एएसपी की टीम को दस हजार रुपये इनाम और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।
चार दिन पहले कमल की ईंटों से कुचलकर हत्या करके शव बिथरी क्षेत्र में एक बरातघर के पीछे फेंक दिया गया था। पहले प्रेमप्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही थी, लेकिन अब पुलिस ने बैटरी लूटने के लिए हत्या होने की बात कहकर कमल के दो दोस्तों जोगीनवादा निवासी विशाल गुप्ता और एजाजनगर गौंटिया निवासी इशहाक को जेल भेज दिया है। एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि विशाल भी ई-रिक्शा चलाता है। कमल ने हाल ही में अपने रिक्शे में नई बैटरी लगवाई थीं। इन्हें लूटने के लिए विशाल और इशहाक ने प्लान बनाया था। विशाल ने गांव इटौआ बेनीराम में गेहूं पहुंचाने के लिए कमल का ई-रिक्शा बुक कराया। साथ में इशहाक भी गया था। लौटते वक्त इन लोगों ने बरातघर के पीछे ले जाकर कमल की हत्या कर दी और बैटरी लूट ले गए। बाद में कमल का ई-रिक्शा सेटेलाइट के पास पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया। पंप के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, सर्विलांस और अन्य कड़ियां जोड़कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।