बरेली। संवेदनशील राज्यों से लौट रहे प्रवासियों की सतर्क निगरानी के आदेश हैं लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें होम क्वारंटीन कराए जाने की वजह से खतरा बढ़ता जा रहा है। बिना लक्षणों वाले संक्रमित अपने परिवार और दूसरे लोगों में भी संक्रमण फैला रहे हैं जिसकी वजह से लोगों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ गुस्सा पनप रहा है। हाल ही में जितने भी नए मामले सामने आ रहे हैं, उनमें ज्यादातर प्रवासी ही हैं। बुधवार को एक ही दिन में 15 संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड कायम होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। इनमें से ज्यादातर प्रवासियों को होम क्वारंटीन कराया गया था। दो लोग पहले संक्रमित पाए गए प्रवासियों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
आईडीएसपी सर्विलांस टीम की रिपोर्ट के मुताबिक क्योलडिया कुंवरपुर का रहने वाला युवक गुजरात से लखनऊ तक ट्रेन से आया था। इसके बाद वह छह जून को रोडवेज बस से बरेली पहुंचा था। भिटौरा रेलवे स्टेशन फतेहगंज पूर्वी का रहने वाला युवक बिहार में काम करता था। वह पटना से बरेली तक ट्रेन से छह जून को पहुंचा था। फरीदपुर के जिगनिया हरछलमल निवासी एक महिला और दो पुरुष दिल्ली से बरेली कार से छह जून को साथ आए थे।
सुंदरासी सीबीगंज का रहने वाला युवक मुंबई से मथुरा तक ट्रेन और मथुरा से बरेली कार से सात जून को आया था। सरारी भमौरा का रहने वाला युवक दिल्ली से बरेली बस से आया था। प्रेमनगर मैकेनियर रोड स्थित पीएनबी बैंक शाखा के पास का रहने वाला युवक दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था, वह भी छह जून को बरेली कार से आया था। मोहनपुर ठिरिया की रहने वाली तीन महिलाएं दिल्ली से बरेली बस से आईं थीं। फतेहगंज पूर्वी का रहने वाला युवक दिल्ली से बरेली बस से आया था। आजादनगर का रहने वाला युवक भी दिल्ली से बस से बरेली आया था। सभी का सैंपल सात जून को लेकर जांच को आईवीआरआई भेजा गया था, बुधवार को इन सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सीबीगंज के संक्रमित युवक की पत्नी और बेटी भी पॉजिटिव
सर्विलांस रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दिनों सीबीगंज के सनइया गांव निवासी एक युवक दिल्ली से वापस आया था। उसे होम क्वारंटीन किया गया था। संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे आइसोलेट किया गया और परिजन के सैंपल लेकर जांच को आईवीआरआई भेजे गए थे। बुधवार देर शाम आई रिपोर्ट में उसकी पत्नी और बेटी में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, अब संक्रमित परिजन के संपर्क में आने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। बता दें कि संक्रमित युवक रोडवेज बस से बरेली आया था। उसने पत्नी और बेटी को तो घर भेज दिया था, लेकिन खुद अस्पताल में क्वारंटीन हो गया था।
बदायूं के दातागंज की महिला में भी संक्रमण की पुष्टि
बुधवार देर शाम आई रिपोर्ट में बदायूं के दातागंज की रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक, महिला का बदायूं के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। परिजन ने उसे एल-2 मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां से उसका सैंपल लेकर जांच को आईवीआरआई भेजा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बदायूं के सीएमओ को केस की जानकारी दे दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग का तर्क: एसिम्प्टोमैटिक ही कराए जा रहे होम क्वारंटीन
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक, शासन ने एसिम्प्टोमैटिक प्रवासियों को होम क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में सैंपल की जांच कराने पहुंचे सभी संक्रमित एसिम्प्टोमैटिक रहे, यानी उनमें कोरोना का कोई प्रत्यक्ष लक्षण नहीं था, इसलिए उन्हें होम क्वारंटीन का कड़ाई से पालन करने को कहा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर सभी के परिजन को क्वारंटीन कर सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। साथ ही, संपर्क में आने वालों को ट्रेस किया जा रहा है।
बरेली के कोरोना संदिग्ध संक्रमित की दिल्ली में मौत
बरेली। कर्मचारीनगर के रहने वाले प्राइवेट बैंककर्मी की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले कई सालों से कैंसर से जूझ रहे थे। इलाज के दौरान कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया था। बुधवार को सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। परिजन के मुताबिक रिपोर्ट मिलने से दो दिन पहले यानी आठ जून को उनकी मौत हो गई थी। उनके दाह संस्कार में शामिल होने बरेली से उनके भाई गए थे, जो अब तक वापस नहीं आए हैं। उनका पूरा परिवार कोरोना की जांच कराने के बाद ही वापस आएगा। साथ ही, रिपोर्ट के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी।
8785 लोगों की हुई जांच, लिए गए 147 सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, हॉटस्पॉट एरिया में एक्टिव सर्विलांस के तहत 30 टीमों ने 1757 घरों का सर्वे किया और इसमें 8785 लोगों की स्क्रीनिंग की। हालांकि कोई संदिग्ध संक्रमित नहीं मिला। दूसरी ओर, तीन सौ बेड के अस्पताल में दो टीमों ने 131 मरीजों की स्क्रीनिंग की और 105 लोगों के सैंपल लिए। वहीं, एमएमयू की टीम ने शेल्टर होम से कुल 42 सैंपल लिए। सभी 124 सैंपल गुरुवार को जांच के लिए आईवीआरआई भेजे जाएंगे।