इटावा हाईवे पर जालसाज ने खुद को जीएसटी अफसर बताकर ट्रक सीज करने की धमकी दी और ऑनलाइन 10 हजार रुपये वसूल लिए। ट्रक मालिक एवं फरीदपुर औद्योगिक संघ के अध्यक्ष ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
खुद को जीएसटी अफसर बताकर एक शातिर ने रविवार को बरेली के फरीदपुर से इटावा जा रहे ट्रक को रोका। ट्रक सीज करने की धमकी देकर दस हजार रुपये ऑनलाइन खाते में डलवा लिया। सोमवार को एसएसपी को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
विज्ञापन
फरीदपुर औद्योगिक संघ के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह के मुताबिक उनकी बहन शाहजहांपुर निवासी रिचा मोंगा ने रविवार दोपहर में कॉल किया। बहन ने बताया कि इटावा में मेरे लकड़ी लदे ट्रक को रोका गया है। जीएसटी अफसर कर एक लाख रुपये जुर्माने की मांग रहे हैं। कॉल कॉन्फ्रेंस पर लेकर बात कराई। फर्जीवाड़ा प्रतीत होने पर फोन काटकर फिर खुद के नंबर से कॉल करने पर जीएसटी अफसर डीएस उपाध्याय लिखकर आने लगा। बहन ने दोबारा कॉल कर बताया कि अब 50 हजार रुपये मांग रहे हैं।
प्रकरण पर इटावा के अपर आयुक्त ग्रेड-2 से बात की। उन्होंने जांच आदि से इन्कार किया। इधर, फर्जी जीएसटी अधिकारी ने गाड़ी छोड़ने के बदले बहन से दस हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए। क्यूआर कोड पर रत्नेश पटेल लिखा था। ये डिटेल जीएसटी अधिकारियों समेत मुख्यमंत्री कार्यालय, प्रमुख सचिव राज्य कर, जिलाधिकारी को भेजकर कार्रवाई की मांग की है।