बरेली के सिरौली क्षेत्र में बैंक का रिकवरी एजेंट बताकर पांच लोगों ने लोन खाता बंद कराने के नाम पर एक व्यक्ति 78500 रुपये ठग लिए। बैंक में जानकारी करने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। उसने थाने जाकर पूरा मामला पुलिस को बताया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरौली के काजी टोला निवासी एनुल अल्वी ने पुलिस को बताया कि उसपर सिरौली की एसबीआई शाखा का लोन था। कुछ दिन पहले रामपुर के थाना मिलक क्षेत्र के बरा गांव निवासी कुलदीप पांडे, कितौना गांव निवासी ओमप्रकाश, शानू, विवेक और राकेश गुप्ता उसके घर आए। उक्त लोगों ने खुद को बैंक का रिकवरी एजेंट बताया। कहा कि तुम पर बैंक का लोन है और तुम्हारा बड़ा फायदा कर देंगे। अगर इस समय 78500 जमा कर दोगे तो लोन खाता बंद हो जाएगा।
आरोपियों ने सिर्फ 18 हजार रुपये वापस किए
आरोपियों की बातों में फंसकर एनुल अल्वी ने रकम दे दी और बैंक की रसीद ले ली। वह बेफिक्र होकर घर बैठ गए। बाद में पता चला कि बैंक का लोन उसपर बरकरार है। उसके पैर नीचे की जमीन खिसक गई। उसने जैसे तैसे आरोपियों को खोजा तो उन्होंने 18 हजार रुपये वापस कर दिए। धमकी दी कि यही रकम मिलेगी। खामोश होकर घर बैठ जाओ। ज्यादा बोलोगे तब अंजाम बुरा होगा। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई अमल में लगाई जाएगी।