बरेली। कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने रियल एस्टेट कंपनी धनराज इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि शशांक शर्मा, उसके पिता मैनेजर राकेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से धमकी देने समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आराेप है कि दोनों ने मकान का सौंदा कर रुपये लिए और बैनामा खाली प्लॉट का कर दिया।
सिविल लाइंस निवासी सूर्य प्रकाश शर्मा का कहना है कि उन्होंने धनराज बिल्डर्स के एजेंट मोहित के जरिये नवंबर 2015 में बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर के पीछे श्रीकृष्णा सिटी फेस-2 में 60 वर्गगज का मकान बुक कराया था। बिल्डर ने 4.79 लाख रुपये में बीडीए स्वीकृत मकान दो वर्षों में देने का वादा किया था। बाद में मकान देने के बजाय प्लॉट का बैनामा करा दिया। तय से ज्यादा रुपये भी ले लिए।
उन्होंने जब अक्तूबर 2024 में धोखाधड़ी की शिकायत की तो शशांक शर्मा और राकेश शर्मा ने उन्हें कार्यालय बुलाकर गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। अब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद