नवाबगंज। मुर्गी फार्म के बाहर खेल रहे बासू (4) को रविवार को लावारिस कुत्तों ने नोच डाला। इससे बासू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी आंत बाहर निकल गई। बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती बासु की हालत नाजुक बनी हुई है।
क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव अंबरपुर निवासी टिंकू ने बताया कि वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सतुईया में मुर्गी फार्म पर परिवार के साथ मजदूरी करते हैं। उनका बेटा बासू रविवार को फार्म के बाहर खेल रहा था। इस दौरान कुत्तों के झुंड ने बासू पर हमला कर दिया। इससे उसकी आंत बाहर निकल आई। बरेली के निजी अस्पताल में उसका उपचार कराया जा रहा है। अबतक उपचार में ढाई लाख रुपये खर्च हो गए हैं। टिंकू और उनके परिजनों ने उपजिलाधिकारी उदित पंवार और विधायक डॉ. एमपी आर्य से मुलाकात की। उन्होंने कुत्तों को पकड़वाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
वर्जन
मामला संज्ञान में है। पीड़ित को शासन के विवेकाधीन कोष से मदद लेने की सलाह दी है। वह विधायक के जरिये इसका लाभ ले सकते हैं। वन विभाग को मौके पर जाकर जांच का आदेश दिया है। जंगली कुत्तों को पकड़ने का निर्देश भी दिया है। - उदित पंवार, एसडीएम नवाबगंज