रामपुर स्थित एक टूरिस्ट ट्रैवल एजेंसी ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर बरेली के सिरौली क्षेत्र निवासी चार लोगों से 25 लाख रुपये ठग लिए। अब यह एजेंसी वाला फरार हो गया है। ठगी के शिकार व्यक्ति ने ट्रैवल एजेंसी संचालक और उसके मैनेजर के खिलाफ थाना सिरौली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम हरदासपुर निवासी बबलू खान और उसके फूफा मसूद, फुफेरा भाई नदीम, अवरेज और बरेली निवासी हसीन का आरोप है कि रामपुर की अलिफ टूरिस्ट ट्रैवल के संचालक साहिल और मैनेजर हसन ने सऊदी अरब में 50 हजार रुपये प्रति महीने की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसके लिए उसने चारों लोगों से 25 लाख रुपये लिए। साथ ही उनके पासपोर्ट भी अपने पास जमा कर लिया है।
जब नौकरी नहीं मिली तो फरवरी माह में वह वहां पहुंचे तो एजेंसी बंद थी। कुछ लोगों ने बताया कि एजेंसी संचालक फरार हो गया। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि यह ठग रामपुर समेत कई जिलों के लोगों से ऐसे ही रुपये लिए हैं। इसके बाद बबलू ने थाना सिरौली में तहरीर दी। थाना प्रभारी रामरतन सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।