बरेली नैनीताल हाईवे पर बना टोल
- फोटो : अमर उजाला
बरेली-नैनीताल हाईवे से गुजरने वाले मासिक पासधारकों को भी फास्टैग से जोड़ा जाएगा। बीस किलोमीटर दायरे के वाहन स्वामियों के मासिक पास के स्थान पर फास्टैग सुविधा लेनी होगी। उन्हें फास्ट टैग आईडी नंबर टोल प्लाजा पर दर्ज कराना होगा। इसे सिस्टम पर अपडेट किया जाएगा, ताकि पासधारकों को कोई दिक्कत न आए।
टोल प्लाजा का संचालन कर रही फर्म पीएनसी के मुख्य प्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार सुबह दस बजे से दोहना स्थित स्टेट हाईवे टोल प्लाजा पर एनएचएआई की तरह फास्टैग से टोल वसूला जाएगा। आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से फास्टैग की सुविधा का संचालन होना है। रिहर्सल हो गई है। इसमें कोई अड़चन नहीं आई। अब सोमवार को सुबह एक बार फिर वाहन गुजारेंगे। अगर कोई दिक्कत नहीं आई तो सोमवार से ही फास्ट टैग की सेवा को नियमित संचालित किया जा सकेगा।