मीरगंज। थाना पुलिस और एसओजी ने बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांच आरोपी मौके से भाग गए। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, नौ माह पहले इन्हीं बदमाशों ने सिंधौली में सराफ के यहां से 28 लाख रुपये के जेवर व नकदी की चोरी की थी।
मीरगंज थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि नेशनल हाईवे से परौरा की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। उनके पास असलहे और चोरी का सामान भी है। एसओजी के साथ थाना पुलिस ने वहां दबिश दी तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो दाहिने पैर में गोली लगने से नगरिया कला निवासी असरुद्दीन घायल हो गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को दबोच लिया, जबकि पांच मौके से भाग गए।
ये हुए गिरफ्तार
नगरिया कला निवासी असरुद्दीन व कादिर, सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गांव अंगूरी टांडा निवासी रुखसत उर्फ बिहारी उर्फ रुखसार, फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के चठिया चटनपुर निवासी हरिओम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 14,210 रुपये नकद, एक किलो सोने-चांदी के जेवर, एक कार, दो मोबाइल फोन, एक 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने नौ माह पूर्व मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिंधौली निवासी कौशल गुप्ता की आभूषणों की दुकान से 28 लाख रुपये के जेवर व नकदी चुराने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का माल बारादरी थाना क्षेत्र की पशुपति विहवार कॉलोनी स्थित मुकीम सुनार हमजा ज्वैलर्स के यहां बेचते थे। गिरोह में फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के नगरिया कला निवासी निसार, चिरागुद्दीन, रियाजउद्दीन उर्फ भूरा, दिलशाद और सराफ मुकीम भी शामिल हैं। पुलिस पांचों आरोपियों की तलाश कर रही है।
आरोपियों का है कई जिलों में है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों पर बरेली, शाहजहांपुर समेत कई जिलों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीकृत कर उनको कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद