बीएसए ऑफिस में मिले प्रयागराज के दो व्यक्तियों और महिला ने की ठगी
विज्ञापन
वर्ष 2019 का है मामला, एडीजी के आदेश पर थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज
बरेली। सचिवालय में बेटे की नौकरी लगवाने का झांसा देकर प्रयागराज के तीन ठगों ने एक व्यक्ति से साढ़े चार लाख रुपये ठग लिए। एडीजी अविनाश चंद्र के आदेश पर कुसुमनगर निवासी द्वारिका प्रसाद ने गांव नगई का पुरवा कोरांव (प्रयागराज) के रहने वाले रमाशंकर, उसके दामाद हेमराज और उसकी बेटी रंजना के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2019 में द्वारिका प्रसाद किसी काम से बीएसए ऑफिस गए थे। वहां मिले रमाशंकर, हेमराज और रंजना ने उन्हें रोक लिया और बताया कि वे लोग किसी की नौकरी लगवाने आए हैं। बातचीत के दौरान ही आरोपियों ने उनसे मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान किया और अपनी पहुंच बताकर उनके बेटे योगेश पटेल की सचिवालय में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसका खर्च आठ लाख रुपये बताया गया लेकिन इतने रुपये देने में उन्होंने असमर्थता जताई तो आरोपियों ने टुकड़ों में रुपये देने को कह दिया। इसके बाद जनवरी 2019 से जनवरी 2020 के बीच उन्होंने तीनों आरोपियों के खाते में साढ़े तीन लाख और एक लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी नौकरी लगवाने में टालमटोल करने लगे। रुपये लौटाने का दबाव बनाया तो तीन किश्तों में 35 हजार रुपये वापस किए और फिर जान से मारने की धमकी देने लगे। एडीजी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।