मां सुनीता देवी ने बताया कि आकाश बाहर से आने के बाद अक्सर देर तक सोते थे, इसलिए नहीं जगाया। गुरुवार शाम पांच बजे तक जब कमरे से बाहर नहीं आए तो दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर पंखे से आकाश का शव बेडशीट के सहारे लटक रहा था। सपा पूर्व विधायक विनय तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, सीओ अजेंद्र यादव, प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव फंदे से उतरवाया। कमरे की अच्छी तरह से तलाशी ली गई। पुलिस को मौके से आकाश का मोबाइल और एक शादी का कार्ड मिला। जिस पर कुछ हाथ से लिखा हुआ है। उसे कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
एक दशक पहले छोटे भाई ने जहर खाकर की थी आत्महत्या
आकाश दो बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। छोटे भाई विकास ने भी करीब एक दशक पहले जहर खाकर आत्महत्या की थी। बताते हैं कि आकाश की सबसे बड़ी बहन ने भी अपनी ससुराल में आत्महत्या की थी।
शादी का कार्ड और कॉल डिटेल से उठ सकता है आत्महत्या से पर्दा
सपा छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आकाश लाला के आत्महत्या को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस कमरे से मिला मोबाइल और एक शादी का कार्ड को अहम सबूत मान रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो कब्जे में लिए मोबाइल को रि-स्टोर करते हुए काल डिटेल और अन्य जरूरी जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इसके बाद ही आत्महत्या के पीछे के कारण से पर्दा उठ सकता है।