राज्यसभा नामांकन और पोस्ट का कारण
राज्यसभा से प्रदेश के आठ प्रत्याशियों के नाम की घोषणा का लाभ बरेली के नेताओं को मिला है। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह व झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार का चयन हुआ। मंगलवार को दोनों ने लखनऊ में नामांकन भी करा दिया। इसके बाद ही धर्मेंद्र कश्यप की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई। पोस्ट में नदी किनारे पेड़ों व सायंकाल का मनोहारी दृश्य है, जिस पर 'टाटा बाय बाय' लिखा है। यह दृश्य शाम ढले घर लौटते व्यक्ति की स्थिति का प्रतीक है।
अन्य नेताओं में भी नाराजगी और बेटी की सक्रियता
धर्मेंद्र कश्यप अकेले ऐसे नेता नहीं हैं जिनकी राज्यसभा जाने की उम्मीदें टूटी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पद से हटाए गए राजेश अग्रवाल, बृज क्षेत्र के अध्यक्ष रहे दुर्विजय शाक्य और राहुल जौहरी समेत कई अन्य नेताओं को भी झटका लगा है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि कुर्मी व लोधी समाज को विशेष तरजीह देने से कश्यप समेत दूसरे समाज के नेताओं में नाराजगी है। विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। धर्मेंद्र कश्यप अपनी बड़ी बेटी कीर्ति कश्यप को बदायूं की दातागंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाना चाहते हैं, जहां कीर्ति सक्रिय हैं।